Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नशे के खिलाफ उतरे सामाजिक संगठन:बोले- नशा तस्करों पर हो कड़ी कार्रवाई, CCTV से रखे निगरानी

रोहतक में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सामाजिक संगठनों ने लोगों को जागरूक करने के लिए कदम उठाया है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि नशे की चेन को तोड़ा जा सके और युवाओं को इससे बचाया जा सके। नशा मुक्त रोहतक अभियान के संचालक सरदार निर्मल सिंह के मुताबिक इंदिरा कॉलोनी, करतारपुरा, गढ़ी मोहल्ला, खोखराकोट और आसपास के क्षेत्र नशे का अड्डा बना हुआ है। नशा तस्कर खुलेआम घूम रहे है, जिनके संपर्क में युवा आकर अपना जीवन दांव पर लगा रहे है। ऐसे में नशा तस्करों को रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाने की जरूरत है।

सरदार निर्मल सिंह ने नशा तस्करों का अड्डा बन चुकी कॉलोनियों में सीसीटीवी लगाकर निगरानी रखने की मांग की, ताकि नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। साथ ही नशा खरीदने वाले लोगों को भी पकड़कर उन्हें जागरूक किया जा सके। रोहतक को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन का सहयोग जरूरी है। सरदार निर्मल सिंह ने कहा कि इंदिरा कॉलोनी, करतारपुरा, गढ़ी मोहल्ला और खोखराकोट क्षेत्रों में स्थाई नाके लगाने की जरूरत है। क्योंकि इन क्षेत्रों में नशे के विक्रेता खुलेआम सड़कों पर, घरों और सुबह से ही नशे का कारोबार करना शुरू कर देते है, जिससे युवाओं की मौतें हो रही हैं। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार बढ़ा है और पूरा इलाका असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है।

सरदार निर्मल सिंह ने कहा कि रोहतक को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान शुरू किया है। अगर पुलिस प्रशासन इच्छाशक्ति दिखाए तो इन कुछ इलाकों को नशा मुक्त करना कोई मुश्किल काम नहीं है। नशा मुक्त अभियान के सदस्य लगातार निगरानी रखेंगे और अगर आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई तो आगे एक मजबूत आंदोलन किया जाएगा।

Exit mobile version