Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का अब तक 6340 लाभार्थियों को मिला लाभ :उपायुक्त यशपाल

उपायुक्त यशपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत वर्ष 2022-23 के तहत जिला की 6340 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया गया है। योजना के तहत जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य के लिए परिवार में पहले जीवित बच्चे के लिए गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के खाते में सीधे 5 हजार रुपये की नकद राशि किश्तों में प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की जाती है। सरकार की हिदायतों अनुसार अब दूसरी बार लडक़ी की माँ बनने पर भी 5 हजार रुपये की राशि किश्तों में प्रदान की जा रही है। 

उपायुक्त यशपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ तीन किश्तों में नकद प्रदान प्रोत्साहन राशि अर्थात चिन्हित आंगनवाडी केंद्र अथवा अनुमोदित स्वास्थ्य सुविधा केंद्र में गर्भधारण का पंजीकरण कराने पर एक हजार रुपये की पहली किश्त, कम से कम एक प्रसव पूर्व जांच कराने पर गर्भधारण के 6 माह बाद दूसरी किश्त 2 हजार रुपये तथा बच्चे के जन्म का पंजीकरण कराने एवं बच्चे को बीसीजी, ओपीवी, डीपीटी और हैपेटाइटस बी या इसके समतुल्य टीके का पहला चक्कर लगवान लेने के बाद 2 हजार रुपये की तीसरी किश्त प्रदान की जाती है। पात्र लाभार्थी संस्था में प्रसव के लिए जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रोत्साहन प्राप्त करते है तथा जननी सुरक्षा योजना के तहत प्राप्त प्रोत्साहन की गणना मातृ लाभ के लिए की जाती है ताकि औसतन हर महिला लाभार्थी को 6 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिले। 

Exit mobile version