करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 5 नवंबर को करनाल दौरे को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर के 6 प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अंबेडकर चौक और आईटीआई चौक सहित प्रभावित मार्गों पर वाहन नहीं चल सकेंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें और बंद रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। दौरे के दौरान जाम से बचने और आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कॉलोनियों में रहने वालों के लिए तय किए वैकल्पिक रास्ते
पुलिस ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए हैं।
- NDRI परिसर के रिहायशी इलाके के लोग: NDRI के गेट नंबर 5, 6 और 7 से आवागमन कर सकेंगे।
- न्यायपुरी, शक्ति कॉलोनी और सुभाष कॉलोनी के निवासी: पुराना बस स्टैंड, कमेटी चौक और पुरानी सब्जी मंडी होते हुए सेक्टर-13/14 जीटी रोड की ओर जा सकेंगे।
- सेक्टर-6 और सेक्टर-7 के निवासी: सेक्टर-13/14 कट से पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और वी-वर्क अस्पताल के रास्ते निकल सकेंगे।
मेडिकल कॉलेज जाने के लिए अलग-अलग रूट तय
मरीजों और एंबुलेंस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
- असंध, निसिंग और कैथल की तरफ से आने वाले वाहन: कमेटी चौक, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल होते हुए मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट तक पहुंच सकेंगे।
- इंद्री, कुंजपुरा और कुरुक्षेत्र की तरफ से आने वाले वाहन: आईटीआई चौक और NDRI चौक से होते हुए मेडिकल कॉलेज के पिछले गेट से प्रवेश कर सकेंगे।
- मेरठ रोड, ताऊ देवी लाल चौक, सेक्टर-5, नमस्ते चौक और घरौंडा की तरफ से आने वाले वाहन: सेक्टर-13/14 कट, पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल होते हुए मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट तक पहुंच सकेंगे।
SP करन गोयल ने की वैकल्पिक रास्ते अपनाने की अपील
करनाल के पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने लोगों से अपील की है कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान बंद रास्तों पर जाने से बचें। घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने का रास्ता तय कर लें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने और जाम से बचने में मदद मिलेगी। मरीजों और आपातकालीन सेवाओं के लिए मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने वाले निर्धारित रास्तों का विशेष ध्यान रखा गया है।
