Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फिनलैंड से 2 साल बाद भाई को राखी बांधने आ रही थी बहन ; नेपाल की बाढ़ में हुई लापता!

भिवानी। रक्षाबंधन पर दो साल बाद भाई से मिलने और उसकी कलाई पर राखी बांधने की उम्मीद लगाए बैठा परिवार अब बेटी की सलामती की दुआ कर रहा है। फिनलैंड में कार्यरत भिवानी की डॉ. प्रियंका चौधरी नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं। तीन दिन बीतने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

डॉ. प्रियंका एक तीर्थयात्री दल के साथ नेपाल गई थीं। यात्रा पूरी कर उन्हें 26 अगस्त को भारत लौटना था। परिवार के मुताबिक वह खास तौर पर रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाई से मिलने घर आने वाली थीं।

25 अगस्त को हुई थी आखिरी वीडियो कॉल
प्रियंका के पिता एवं भिवानी जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन रमेश ओला के मुताबिक 25 अगस्त को उनकी बेटी से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। प्रियंका ने बताया था कि वह चीन-नेपाल सीमा के पास एक होटल में ठहरी हैं और अगले दिन भारत के लिए रवाना होंगी।

इसके करीब एक घंटे बाद परिवार ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। तब से उनका फोन बंद आ रहा है। परिवार के मुताबिक जिस इलाके में प्रियंका ठहरी थीं, वहां बाढ़ से भारी तबाही की सूचना मिलने के बाद चिंता और बढ़ गई है।

दो साल बाद भाई से मिलने वाली थीं
डॉ. प्रियंका करीब दो साल से घर नहीं आई थीं। वह फिनलैंड में डॉक्टर हैं और वहीं रहती हैं। परिवार बेसब्री से उनके भारत लौटने का इंतजार कर रहा था। खासकर छोटा भाई रक्षाबंधन पर बहन के आने को लेकर उत्साहित था, लेकिन नेपाल की आपदा ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है।

परिजन लगातार संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर प्रियंका के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

Exit mobile version