Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में तेजधार हथियार से जेठानी पर हमला:देवर-देवरानी ने किए हाथों पर वार; झगड़े के दौरान नीचे गिरने से पति की मौत

रोहतक के गांव रिठाल नरवाल में 2 भाइयों के झगड़े के दौरान देवर-देवरानी ने जेठानी पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। जेठानी के हाथों में तेजधार हथियार लगने से वह गंभीर घायल हो गई। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, झगड़े के दौरान अचानक गिरने से उसके पति की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

झज्जर के गांव गोयल्या निवासी प्रकाश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन कविता की शादी करीब 15 साल पहले रोहतक के गांव रिठाल नरवाल निवासी बलजीत के साथ हुई थी। उसकी बहन कविता को 2 बच्चे (एक लड़का व एक लड़की) है। 2 मार्च की रात करीब 11 बजे उसकी पत्नी के पास फोन पर गांव रिठाल से सूचना मिली कि उसके जीजा बलजीत की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही वे 3 मार्च को गांव रिठाल नरवाल पहुंचे और अंतिम संस्कार की कार्रवाई में शामिल हुए। प्रकाश ने बताया कि जब उसके जीजा के अंतिम संस्कार के दौरान उसकी बहन कविता को बुलाने के लिए कहा तो बताया कि कविता को हल्की चोट लगी हैं। दाह संस्कार के बाद बात करवाने के लिए कहा तो उन्हें बताया कि कविता अस्पताल में भर्ती है और कांच की बोतल लग गई थी।

​​​​​​​इसके बाद वे अस्पताल में पहुंचे तो बताया कि कविता होश में नहीं है। यह कहकर वापस घर भेज दिया। इसके बाद वे अगले दिन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे अपनी बहन कविता से मिले। इस दौरान कविता ने बताया कि 2 फरवरी को उसके देवर व पति बलजीत की आपस में कहासुनी हो रही थी।

उसका पति गिर गया और आस-पड़ोस के लोग इलाज के लिए अस्पताल में ले गए। जिसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी देवरानी ने कविता को पकड़ लिया और देवर ने उसके सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। बचाव के लिए हाथ आगे अड़ा दिए तो तेजधार से हाथ व सिर पर चोटें आईं।

सदर थाना के एसएचओ मुरारी लाल ने बताया कि जानलेवा हमला करने की FIR दर्ज की गई है। प्राथमिक जांच में देवर-भाभी का आपसी झगड़े में हमला करने का मामला सामने आया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

Exit mobile version