Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिरसा: सड़क हादसे में 2 की मौत; एक गंभीर घायल, मृतकों में एक की 4 मई को होनी थी शादी

 सिरसा में ​​​​​​गांव गुडिय़ाखेड़ा और ढूकड़ा के बीच सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में से एक पंकज की 4 मई को शादी होनी थी। परिवार में मातम पसर गया है। घटना की सूचना मिलने पर चौपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार गांव ढूकड़ा निवासी अभय कुमार अपने साथी पंकज उर्फ राम प्रसाद निवासी दौलतपुरिया के साथ सिरसा बस स्टैंड से अपने साथी को लेने के लिए आए थे। ढूकड़ा जाते समय रास्ते में ब्रेजा गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों बाइक समेत नीचे गिर गए और ड्राइवर कार लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार तीन में से 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे का सिरसा के प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक के परिजन मोती राम ने बताया की बताया की उसका भतीजा अभय व भांजा पंकज दिल्ली से सिरसा पहुंचे भांजे आजाद को लाने के लिए सिरसा गए थे। वापस आते समय गुड़िया खेड़ा से ढूकड़ा के बीच श्री राम ईंट भट्ठे के समीप जमाल की ओर से आई एक ब्रेजा गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अभय व पंकज की मौके पर ही मृत्यु हो गई। आजाद का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया की अभय के तीन बच्चे हैं, जबकि पंकज की आने वाली 4 मई की शादी रखी हुई थी। उन्होंने बताया की हालांकि ब्रेजा गाड़ी की पहचान हो चुकी है। पंकज की मौत से मोती राम के परिवार में तो मातम पसरा ही है, साथ में उसकी होने वाली ससुराल में भी दुख का माहौल है।

सिरसा के थाना चोपटा के जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि ब्रेजा गाड़ी और मोटरसाइकिल की टक्कर सूचना मिली थी। वे मौके पर पहुंचे तो 2 युवकों की मौत हो चुकी थी। एक गम्भीर रूप से घायल हो गया। ब्रेजा के ड्राइवर की पहचान कर ली गई है। ड्राइवर राजवीर निवासी जमाल का रहने वाला है।

Exit mobile version