नेशनल लेवल के शूटर और कॉर्पोरेट वकील सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है और हिमाचल में एक्टिंग चीफ जस्टिस की बेटी कल्याणी को गिरफ्तार किया है। सिप्पी सिद्धू की साल 2015 में चंडीगढ़ के सेक्टर 27 के एक पार्क में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सिद्धू की माता और उसके भाई जीपी सिद्धू ने उस समय की चंडीगढ़ की हाईकोर्ट में जज की बेटी कल्याणी पर हत्या के आरोप लगाए थे।
कल्याणी सिंह चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के होम साइंस डिपार्टमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात है। CBI ने कल्याणी सिंह को अदालत में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर ले लिया। कल्याणी सिंह की मां जस्टिस सबीना पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी जज रही हैं।
35 साल के सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी की लाश 20 सितंबर 2015 को चंडीगढ़ में सेक्टर-27 के एक पार्क से मिली। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। सिप्पी सिद्धू के परिवार ने अपने आरोपों में कहा था कि कल्याणी के साथ मृतक सिद्धू की दोस्ती थी और उनकी किसी बात पर लड़ाई हुई थी। सिद्धू को रात करीब 10:00 बजे सेक्टर 27 में बुलाकर उसका मर्डर करवाया गया था। उनका गोलियों से छलनी शव सेक्टर 27 के एक पार्क में मिला था। आरोप है कि इस दौरान कल्याणी भी मौजूद थी। इस पूरे मामले में पुलिस ने भी काफी जांच की और उसके बाद मामला सीबीआई तक पहुंचा और करीब 7 साल बाद सीबीआई ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।
CBI की अभी तक की जांच के अनुसार, कल्याणी सिंह सिप्पी सिद्धू के साथ रोमांटिक रिलेशनशिप में थी। वह सिप्पी से शादी करना चाहती थी मगर सिप्पी के परिवार ने इस रिश्ते के लिए मना कर दिया। आरोपी है कि सिप्पी ने कल्याणी की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें उसके परिवार और दोस्तों में लीक कर दी। इससे कल्याणी सिंह और उसके परिवार को शर्मिंदगी उठानी पड़ी।
CBI के अनुसार, 18 सितंबर 2015 को कल्याणी सिंह ने किसी अन्य के मोबाइल फोन के जरिये सिप्पी से संपर्क किया। उसने सिप्पी को सेक्टर-27 के पार्क में मिलने के लिए मजबूर किया। सिप्पी 18 सितंबर से 20 सितंबर तक कल्याणी से मिला। 20 सितंबर को भी वह कल्याणी से मिलने सेक्टर-27 के पार्क में गया। CBI के अधिकारियों ने कोर्ट में दावा किया कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि सिप्पी के साथ कल्याणी उस पार्क में मौजूद थीं। कल्याणी ने ही एक अज्ञात हमलावर के साथ मिलकर सिप्पी को गोली मरवाई। दोनों को मौके से फरार होते देखा गया।
CBI टीम के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि कल्याणी ने अज्ञात हमलावर के साथ साजिश रचकर सिप्पी की हत्या करवाई। ऐसे में 15 जून 2022 की सुबह 11.30 बजे कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कल्याणी को गिरफ्तार करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।
अदालत में CBI ने दलील दी कि हमलावर की पहचान, हत्या में इस्तेमाल हथियार का पता लगाने, हथियार व वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद करने और इस केस में शामिल अज्ञात साजिशकर्ताओं का रोल पता लगाने के लिए कल्याणी सिंह का रिमांड जरूरी है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कल्याणी सिंह को 4 दिन के रिमांड पर भेज दिया।
बता दें कि कल्याणी चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के होम साइंस डिपार्टमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। कल्याणी सिंह की मां जस्टिस सबीना पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी जज रही हैं। अब वह हिमाचल हाईकोर्ट में एक्टिंग चीफ जस्टिस के पद पर तैनात हैं। मृतक सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिधू वकील और नेशनल स्तर का शूटर होने के साथ-साथ एक फर्म का मालिक भी था, जिसका नाम मेसर्स सिप्पी सिद्धू था। सीबीआई ने दावा किया है कि प्रेम प्रसंग में सिप्पी की हत्या हुई थी।
