रोहतक जिले में पुलिस व बाइक सवार बदमाशों के बीच शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों तरफ से फायरिंग हुई। इस दौरान एक आरोपी को पैर में गोली, जबकि दूसरा युवक बाइक से नीचे गिर गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह 4 बजे के आसपास बाइक सवार बदमाश अनाज मंडी के पास सुनारियां जेल रोड से आ रहे थे। इसी दौरान सीआईए 1 को सूचना मिली तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
सीआईए 1 के जांच अधिकारी ने बताया कि बदमाशों की पहचान नवीन व नीरज के रूप में हुई है। दोनों रोहतक के ही रहने वाले है। दोनों घायलों को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी कि वह किस इरादे से घूम रहे थे।
पुलिस मुठभेड़ के दौरान शिवाजी कॉलोनी निवासी नीरज पुत्र जगदीश के पैर में गोली लगी है, जबकि नवीन पुत्र संजय निवासी शीतल नगर के पैर में फ्रैक्चर है। दोनों को ट्रोमा सेंटर में भेजा गया है। दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर सुनारिया जेल रोड पर बालचंद चौक से शहर की तरफ आ रहे थे।
