Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 5 दिन अच्छी बारिश के संकेत:15 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट, कम दवाब के क्षेत्र से टर्फ रेखा उत्तर में बढ़ी

हरियाणा में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। सुबह से ही उत्तरी हरियाणा व अन्य जिलों में बारिश देखने को मिल रही है। यह बारिश अगले 5 दिनों तक जारी रहेगी। इस दौरान हरियाणा के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। अभी तक मानसून द्रोणिका दक्षिण की ओर रहने के कारण हरियाणा राज्य में मानसूनी बारिश की गतिविधियों में कमी देखी जा रही थी।

हरियाणा में IMD ने चंडीगढ़, पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, करनाल, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बाकि जिलों में सामान्य बारिश हो सकती है।

अब तक कम बारिश के कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। सिरसा का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री तक पहुंच गया। इसी प्रकार हिसार का तापमान 39.4 डिग्री, रोहतक का 38.8 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान में लगातार बढ़ोतरी से दिन के समय उमस से लोग ज्यादा परेशान हैं।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पंजाब के साथ लगते पाकिस्तान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना से मानसून टर्फ की अक्षय रेखा दक्षिण से अब सामान्य स्थिति उत्तर की तरफ बढ़ने की संभावना है जिससे हरियाणा राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

हरियाणा राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 22 जुलाई से 24 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। इस दौरान बीच बीच में बादल छाए रहने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए दिन के तापमान में गिरावट होने की भी संभावना है।

Exit mobile version