Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिद्धू मस्से वाला हत्याकांड: बदमाश केकड़ा गिरफ्तार- पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र के 8 शूटर्स की भी पहचान; सभी लॉरेंस गैंग से जुड़े

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने 8 शार्प शूटर्स की पहचान कर ली है। ये पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। सभी शार्प शूटर्स गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के हैं। पंजाब पुलिस को शक है कि इन्हीं ने 29 मई को मानसा में पंजाबी सिंगर की गोली मारकर हत्या की थी।

इस बीच, पंजाब पुलिस ने मानसा से केकड़ा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। इसी ने फैन बनकर मूसेवाला की रेकी की थी। वह सिरसा के कालियांवाली का रहने वाला है। वह अपने एक दोस्त के साथ फैन बनकर मूसेवाला के घर गया था। उसने वहां चाय पी और बाद सेल्फी भी ली। केकड़ा ने ही हत्यारों को बताया कि मूसेवाला थार जीप में जा रहे हैं। वे गनमैन और बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर भी नहीं लेकर गए हैं। इसके बाद थोड़ी दूरी पर पहुंचते ही मूसेवाला की हत्या कर दी गई।

इधर, बाकी शूटर्स की पहचान होने के बाद अब इन 4 राज्यों की पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है। इन्हें हथियार और गाड़ियां देने वाले, हत्या से पहले रुकने के लिए इन्हें ठिकाना उपलब्ध कराने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

पंजाब पुलिस के मुताबिक, मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब के तरनतारन जगरूप सिंह रूपा और मनप्रीत मन्नू, हरियाणा के सोनीपत का प्रियवर्त फौजी और मनप्रीत भोलू, ​​​​​​महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला संतोष जाधव और सौरव महाकाल, राजस्थान के सीकर का सुभाष बानूड़ा, पंजाब के बठिंडा का हरकमल सिंह रानू शामिल थे। पुलिस के मुताबिक मूसेवाला की हत्या से 3 दिन पहले यह सब कोटकपूरा हाइवे पर इकट्‌ठा हुए थे। इसके बाद यह कहां रुके, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। इसके पीछे 2 और लोगों की भूमिका सामने आ रही है।

पंजाब पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड सचिन बिश्नोई को माना है। पुलिस का कहना है कि मूसेवाला की हत्या की पूरी साजिश सचिन ने ही रची। उसी ने शार्प शूटर्स हायर कर मूसेवाला के हत्याकांड को अंजाम दिया। सचिन तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस का भांजा है। उसने एक टीवी चैनल को कॉल कर हत्या की बात कबूली थी। सचिन ने कहा था कि मैंने खुद मूसेवाला को गोलियां मारी। उसका नाम लॉरेंस के करीबी विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में सामने आया था। मिड्‌डूखेड़ा का मोहाली में कत्ल हुआ था। पुलिस ने उसकी आवाज की जांच भी की थी, जिसमें उसकी पुष्टि हुई कि वह सचिन बिश्नोई ही था।

पंजाब पुलिस ने कुल 10 शार्प शूटर्स की हिटलिस्ट तैयार की है। इनमें शिनाख्त वाले 8 शार्प शूटर्स के अलावा 2 और गैंगस्टर शामिल हैं। इनकी भी पहचान हो चुकी है, लेकिन इसे गुप्त रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक गैंगस्टर लॉरेंस ने दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को बताया कि मूसेवाला की हत्या के लिए हथियार राजस्थान के जोधपुर से लाए गए थे। ये हथियार विजय, राका और रणजीत नाम के 3 बदमाश लेकर आए थे

पंजाब पुलिस की जांच में सामने आया कि हमलावरों के लिए बोलेरो गाड़ी राजस्थान से लाई गई थी। नसीब खान यह बोलेरो लाया था। उसने यह बोलेरो फतेहाबाद में चरणजीत को दी। चरणजीत ही बोलेरो को पंजाब लेकर आया था। जिसमें मूसेवाला की रेकी की गई। पंजाब पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि मूसेवाला की हत्या करने वाले शार्प शूटर्स उत्तर प्रदेश और नेपाल में छिपे हो सकते हैं। उत्तर का मुजफ्फरनगर पुलिस के रडार पर है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने नेपाल में दबिश दी है।

Exit mobile version