Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Sidhu Moosewala murder case: मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार शूटरों को पूछताछ के लिए पुलिस जल्द लाएगी पंजाब

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए शूटरों को पंजाब पुलिस जल्द ही पूछताछ के लिए पंजाब ला सकती है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को शार्पशूटर प्रियव्रत उर्फ ​​फौजी (26), कशिश (24) और केशव (29) को गिरफ्तार किया था।

सूत्रों के अनुसार दिल्ली के स्पेशल सेल की पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस जल्द ही इन्हें पूछताछ के लिए पंजाब ला सकती है। जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी सिद्धू हत्याकांड में शामिल थे, इसलिए विशेष टीम का रिमांड खत्म होने के बाद पंजाब की मानसा पुलिस उन्हें पंजाब लेकर आएगी।

पंजाब पुलिस के सूत्रों के अनुसार दिल्ली में गिरफ्तार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर पंजाब लाया जाएगा। इससे पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली से लाया गया था और उससे पूछताछ की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने दावा किया कि लॉरेंस ने पूछताछ के दौरान गोल्डी बराड़ के पते की जानकारी दी है। गोल्डी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। उधर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें शूटरों को गाड़ी देने वाला मनप्रीत भाऊ, गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना, सराज मिंटू, प्रभदीप सिद्धू उर्फ ​​पब्बी, मोनू डागर, पवन बिश्नोई, नसीब खान और संदीप केकड़ा के नाम मुख्य रुप से शामिल हैं।

Exit mobile version