रोहतक में पुलिस वाले द्वारा युवती से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। किराए के मकान में रहने वाली युवती की मजबूरी का फायदा उठाकर झज्जर SP ऑफिस में तैनात SI ने गलत नीयत से कई बार छेड़खानी की। वहीं इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।
पुलिस जांच के अनुसार, झज्जर पुलिस की अकाउंट ब्रांच में तैनात SI बिजेंद्र रोहतक शहर की एक कॉलोनी में रहता है। वहीं उसके मकान के ऊपर वाले फ्लोर पर युवती भी रहती है। पुलिसकर्मी आते-जाते समय युवती के साथ छेड़खानी करता और अभद्र भाषा का भी प्रयोग करता। जब युवती इसका विरोध करने लगी तो पुलिस कर्मी ने धमकी देना शुरू कर दिया। युवती के पिता की मौत हो चुकी है। वहीं परिवार में उसकी मां और उसका बड़ा भाई है। भाई को पैरालिसिस है। इस वजह से वो बिस्तर पर रहता है और मां भी बीमार है। इसी का फायदा बिजेंद्र उठाता था।
युवती ने तंग आकर पूरी घटना अपनी मां को बताई। बाद में मामले की शिकायत SP को दी गई। पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी सत्यपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी SI बिजेंद्र हुड्डा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
