हिसार। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) टीम ने हांसी पुलिस जिले के बास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दर्ज मुकदमे से शिकायतकर्ता का नाम हटाने की एवज में रिश्वत मांगी थी। गुरुवार को हिसार के अग्रोहा मोड़ पर जैसे ही उसने शिकायतकर्ता से रकम ली, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार SI की पहचान अमृतलाल के रूप में हुई है। कार्रवाई इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में गठित विजिलेंस टीम ने की।
केस से नाम हटाने के लिए मांगे थे 80 हजार
जानकारी के अनुसार, SI अमृतलाल हांसी पुलिस जिले के बास थाने में तैनात था। एक दर्ज मुकदमे में शिकायतकर्ता का नाम हटाने के बदले उसने 80 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दी।
शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाने की योजना बनाई।
अग्रोहा मोड़ पर बिछाया जाल
शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को 80 हजार रुपये लेकर अग्रोहा मोड़ पर पहुंचना था। विजिलेंस टीम ने आसपास निगरानी रखी।
पैसे लेते ही ACB ने दबोचा
गुरुवार को अग्रोहा मोड़ पर शिकायतकर्ता ने SI अमृतलाल को 80 हजार रुपये दिए। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, विजिलेंस टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और पूछताछ शुरू कर दी।
भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज
विजिलेंस ने आरोपी SI के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। टीम रिश्वत की मांग और रकम लेने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
17 नवंबर को बास थाने से गया था SI
बास थाना प्रभारी SI जयकुमार ने बताया कि अमृतलाल 17 नवंबर को थाने से गया था। उसे एक केस के सिलसिले में 18 नवंबर को हाईकोर्ट जाना था और गुरुवार को वापस आना था। थाना प्रभारी के अनुसार, विजिलेंस ने उसे किस मामले में गिरफ्तार किया है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

