हिंदी सिनेमा के महान निर्देशक श्याम बेनेगल का सोमवार शाम मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। उनकी बेटी पिया बेनेगल ने उनके निधन की पुष्टि की है। श्याम बेनेगल के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्याम बेनेगल क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD) से जूझ रहे थे। यह एक गंभीर बीमारी है जिसमें किडनी ठीक से काम करना बंद कर देती है और खून को साफ नहीं कर पाती। इस बीमारी के कारण शरीर में ज़हरीले पदार्थ जमा हो जाते हैं और धीरे-धीरे शरीर कमजोर हो जाता है। डॉक्टरों ने बताया कि इस बीमारी की वजह से उनका वजन काफी कम हो गया था और वह बेहद कमजोर हो गए थे।
परिवार के अनुसार, श्याम बेनेगल ने बीते कुछ सालों में काम करना बहुत कम कर दिया था। वह अक्सर थकान, कमजोरी और भूख न लगने की शिकायत करते थे। उन्हें सांस लेने में दिक्कत, पेट खराब और कब्ज जैसी समस्याएं भी रहती थीं। उनकी बिगड़ती हालत ने उनके चाहने वालों और परिवार के सदस्यों को बहुत परेशान कर दिया था।
श्याम बेनेगल का नाम हिंदी सिनेमा के महानतम निर्देशकों में लिया जाता है। उन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए भारतीय समाज की गहरी और जटिल कहानियों को पर्दे पर दिखाया। उनकी मशहूर फिल्मों में अंकुर, निशांत, मंथन, भूमिका शामिल हैं। बेनेगल को उनकी फिल्मों के लिए पांच बार नेशनल फिल्म अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह उनके शानदार करियर और अद्वितीय निर्देशन शैली का प्रमाण है।
उनके निधन की खबर सुनकर पूरा फिल्म उद्योग शोक में है। कई कलाकारों और निर्देशकों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। श्याम बेनेगल का जाना सिनेमा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

