Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में BJP पार्षद कार्यालय के बाहर विवाद के बाद चली गोली, तीन युवक घायल

पानीपत। हरियाणा के पानीपत के नूरवाल (गीता कॉलोनी) में बुधवार देर रात BJP महिला पार्षद कोमल पांचाल के कार्यालय के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नूरवाला की गीता कॉलोनी में चौक पर खड़े होने को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी और लाठी-डंडों से हमले की घटना सामने आई है। इसमें तीन युवक घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, गीता कॉलोनी स्थित पार्षद कार्यालय के बाहर कुछ युवकों के बीच चौक पर खड़े होने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने गोली चला दी। गोली लखन नाम के युवक को लगी, जबकि पार्षद के ससुर ईशम पांचाल और प्रिंस पर लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला किया गया।

घटना के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 13-17 पुलिस और CIA की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके से जानकारी जुटाने के साथ हमलावरों की पहचान करने में लगी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद के पीछे केवल चौक पर खड़े होने की बात थी या कोई पुरानी रंजिश भी थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version