Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में कांग्रेस विधायक के कार्यालय पर फायरिंग, बाइक सवार हमलावर फरार

रोहतक, 20 जून। रोहतक जिले में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे बाइक सवार बदमाश विधायक कार्यालय के बाहर पहुंचे और 4 से 5 राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक बलराम डांगी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

महम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

(खबर लगातार अपडेट की जा रही है।)

Exit mobile version