पानीपत कोर्ट परिसर में सुबह 11 बजे दूसरे फ्लोर पर चेंबर नंबर 267 के बाहर अज्ञात आरोपी ने गोली चला दी। गोली के छर्रे चेंबर के पास में बैठी स्टेशनरी संचालिका सपना के पैर में लगे। वही चेंबर का शीशा भी टूट गया। आरोपी गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गया। स्थानीय वकीलों ने पुलिस को सूचना दी, जानकारी मिलते ही DSP, CIA और शहर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई में जुट गए। वहीं दूसरी तरफ घायल महिला को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल ले जाया गया है।
एडवोकेट गिरधारी लाल गोयल ने बताया कि उसका चैंबर दूसरे फ्लोर पर 267 नंबर का है। सुबह करीब 11 बजे चेंबर में बैठा हुआ था, उसके साथ एडवोकेट याशिका और मुंशी शिवकुमार भी थे, इसी बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी और दरवाजे का शीशा टूट कर चेंबर के अंदर आ गिरा। जिसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 10 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक वह चेंबर के अंदर ही बैठे रहे, पुलिस के आने पर वह चेंबर से बाहर निकले तो देखा कि उनके चेंबर के बाहर फर्श पर एक खोल पड़ा था और फर्श में छेद था। मुंशी शिव कुमार ने बताया कि उनके चेंबर की साइड में सपना स्टेशनरी है। गोली चलने से सपना के पैर में छर्रे लगे है। इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुट गई है।
वकील ने बताया कि वारदात से पहले दो पुलिस के जवान एक मुजरिम को लेकर उनके चेंबर के आगे से निकले थे, आरोपी किस मंशा से आया था, उन्हें इस बारे में नहीं पता है। वहीं सीआईए की टीम आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है। गोली चलने के बाद से जहां एक और वकीलों के मन में डर का माहौल है, वहीं वकीलों की प्रशासन और पुलिस से खासतौर से मांग है कि मामले की जांच की जाए कि आखिर लोडिड हथियार कोर्ट परिसर में क्यों लाया गया। गोली किस किस तरह चली, क्यों चली, इसकी निष्पक्ष जांच की जाए।

