Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के कलानौर में दुकानदार ने जेई के नाम सुसाइड नोट छोड़ की आत्महत्या; 10 लाख की धोखाधड़ी का मामला

रोहतक के कलानौर में एक दुकानदार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने आत्महत्या से पहले दो पेज का सुसाइड नोट भी लिखा। जिसमें उसने आत्महत्या का कारण जेई को बताया। जिसे दुकान के लिए 10 लाख 15 हजार रुपए दिए थे, लेकिन जेई ने ना तो दुकान दी और ना ही पैसे। जब भी वह मांगने जाता तो जेई उसे धमकाता था। जिसके बाद मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस ने भी जेई कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कलानौर के वार्ड-12 निवासी सुमन देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति राजेश कुमार ने हार्डवेयर एवं सैनिटरी पेंट्स की दुकान की हुई थी। पति पिछले काफी दिनों से परेशान चल रहा था। जब उसने अपने पति से परेशानी का कारण पूछा तो बताया कि एक जेई से दुकान का सौदा 12 लाख रुपए में किया था। अब वह जेई दुकान नाम करने से मना कर रहा है और न ही पैसे वापस दे रहा है।

जेई को 10 लाख 15 हजार रुपए दिए जा चुके हैं, लेकिन अब वह पैसे या दुकान कुछ भी नहीं दे रहा। इसके लिए वह जेई के पास कई बार जा चुका है। जब भी वह जेई के पास जाता है तो डरा धमकाकर वापस भेज देता है। इसलिए राजेश कुमार परेशान रहने लगा। इसी परेशानी के चलते राजेश कुमार ने दुकान के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सुमन देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति राजेश ने आत्महत्या से पहले 2 पेज का सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें उसने जेई को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया। मामले की सूचना मिलते ही परिवार वाले भी घटना स्थल पर पहुंच गए। मृतक को फंदे से उतारा गया। इसकी सूचना पुलिस को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई में ले आए।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर ही बुलाया गया। ताकि आत्महत्या से संबंध में और अधिक साक्ष्य जुटाए जा सके। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार वालों को सौंप दिया।कलानौर सिटी पुलिस चौकी के प्रभारी निकेश कुमार ने बताया कि मृतक राजेश कुमार की पत्नी पूनम के बयान दर्ज किए हैं। जिसके आधार पर जेई कुलदीप के खिलाफ आत्महत्या के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट की भी जांच जारी है।

Exit mobile version