हरियाणा के खिलाड़ियों को सरकार ने बड़ा झटका दिया है। सरकार की ओर से खेल नर्सरियों में आने वाले खिलाड़ियों की उपस्थिति पूरी होने पर ही खुराक भत्ता दिए जाने का फैसला किया है। इसके लिए खेल नर्सरियों में बायोमेट्रिक मशीनें भी लगाई जाएंगी। इसकी पुष्टि करते प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने की है। उन्होंने ये निर्देश सिविल सचिवालय में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि फिलहाल पंचकूला के ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम की नर्सरी के खिलाड़ियों की बायोमेट्रिक से हाजिरी शुरू करवाई जाएगी और इसमें सफलता मिलने पर प्रदेश के अन्य स्टेडियमों व खेल नर्सरी वाले स्कूलों में बायोमेट्रिक से खिलाड़ियों की हाजिरी शुरू की जाएगी।
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा खेलों का पावर हाऊस बन चुका है। हमारे खिलाड़ी ओलिंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियन व कामनवेल्थ खेलों में और अधिक पदक जीते इसलिए खिलाड़ियों को और ज्यादा खेल सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। खेल नर्सरियों और ज्यादा प्रभावी व सशक्त बनाया जाएगा।
इसी कड़ी में खेल नर्सरियों में खिलाड़ियों की बायोमेट्रिक हाजिरी को जरूरी कर दिया गया है। इससे पारदर्शिता रहेगी और ग्रांट का भी सही ढंग से योग्य खिलाड़ियों तक लाभ पहुंचेगा।
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि जल्द ही सोनीपत में कुश्ती और पानीपत में बाक्सिंग की एक्सीलेंसी शुरू की जाएगी, जिसमें खिलाड़ियों के रहने के लिए हॉस्टल की व्यवस्था रहेगी। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में सहूलियत रहेगी। उन्होंने कहा कि मार्शल आर्ट का बढ़ावा देने के लिए यमुनानगर में बंदा सिंह बहादुर मार्शल आर्ट स्कूल का निर्माण करवाया जाएगा
सिविल सचिवालय में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों का इंश्योरेंस करवाया जाएगा, ताकि चोटिल होने पर वे ठीक से अपना इलाज करवा सकें और निरंतर अभ्यास कर प्रदेश के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकें।उन्होंने कहा कि जिला स्तर के स्टेडियमों व ब्लाक स्तर पर बनाए गए राजीव गांधी खेल स्टेडियमों को चकाचक बनाया जाएगा।
