Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बिश्नोई परिवार को झटका:मंदिर में अभी नहीं लगेगी भजनलाल की प्रतिमा, CM को आना था; कुलदीप-भव्य तैयारी में जुटे थे

हरियाणा में बिश्नोई परिवार को एक बार फिर झटका लगा है। पूर्व CM चौधरी भजनलाल की 3 जून को 14वीं पुण्यतिथि पर पंचकूला में मूर्ति अनावरण कार्यक्रम स्थगित हो गया है। कार्यक्रम में भजनलाल की छठी प्रतिमा का अनावरण किया जाना था।

इस कार्यक्रम के लिए उनके बेटे पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई और पोते पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई सहित पूरा परिवार एक्टिव नजर आ रहा था। लोगों को निमंत्रण दे रहे थे। मगर फिलहाल अब यह कार्यक्रम टाल दिया गया है। इस कार्यक्रम में CM नायब सिंह सैनी को बतौर मुख्य अतिथि पहुंचना था।

कार्यक्रम रद्द होने के कारणों के बारे में अभी खुलकर कोई नहीं बता रहा है, मगर पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि भजनलाल की पुणे से बनवाई गई प्रतिमा में कोई कमी रह गई थी। इसके कारण समाज में गलत संदेश जाने का डर था। प्रतिमा बनाने वाली कंपनी के अफसर अमेरिका गए हुए हैं।

मूर्ति में कमी को तुरंत पूरा करने में कंपनी ने असमर्थता जाहिर की। इसके बाद कार्यक्रम ही बिश्नोई परिवार को रद्द करना पड़ा। अब हर बार की तरफ बिश्नोई मंदिरों में ही हवन यज्ञ के साथ प्रसाद वितरण का कार्यक्रम किए जाएंगे।

पंचकूला बिश्नोई सभा के प्रधान लीलूराम का कहना है कि मूर्ति अनावरण का कार्यक्रम फिलहाल टल गया है। कार्यक्रम किया जाएगा, मगर अभी तारीख तय नहीं की गई है। पंचकूला में हर बार की तरह हवन यज्ञ होगा। कुलदीप हिसार मे बिश्नोई मंदिर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सुबह 9 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

Exit mobile version