अंबाला में थाने के अंदर SHO की गोली लगने से मौत, पास मिली सर्विस रिवॉल्वर; हादसा या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

अंबाला। हरियाणा के अंबाला में नग्गल थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कर्मबीर की थाने के अंदर गोली लगने से मौत हो गई। करीब 50 वर्षीय कर्मबीर अपने रेस्ट रूम में मृत मिले और उनके पास ही सर्विस रिवॉल्वर पड़ी थी। गोली सीने में बाईं तरफ लगी और आर-पार हो गई। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर कर्मबीर थाने के रेस्ट रूम में आराम कर रहे थे। करीब तीन बजे लांगरी उनसे खाना खाने के बारे में पूछने कमरे में पहुंचा तो उन्हें बेड पर अचेत अवस्था में पाया। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

एसपी अजीत सिंह शेखावत के मुताबिक, सुबह कर्मबीर ने मुंशी से सर्विस रिवॉल्वर साफ करने को लेकर बातचीत की थी। ऐसे में पुलिस गोली दुर्घटनावश चलने की संभावना की भी जांच कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

कर्मबीर मूल रूप से कुरुक्षेत्र के पिहोवा क्षेत्र के गांव रामगढ़ रोड के रहने वाले थे और करीब डेढ़ साल से नग्गल थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे। वे 25 नवंबर 1998 को हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के रूप में भर्ती हुए थे और अंबाला के अलावा पंचकूला तथा यमुनानगर में भी सेवाएं दे चुके थे।

उनका बेटा और बेटी कनाडा में हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जानी है। पुलिस अब परिस्थितियों और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!