हरियाणा में शिमला जैसी ठंड पड़ रही है। शनिवार को हिसार और महेंद्रगढ़ जिले का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है। शिमला का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा।
पहाड़ों पर बर्फ गिरने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। सुबह और रात में ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कंपकंपी महसूस हो रही है।
पिछले तीन दिनों से राज्य में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार बढ़ने से आने वाले दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 13 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, हवा चलने की वजह से दिन में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात में थोड़ी ठंडक रहेगी। दिन का तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच और रात का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। कुछ जगहों पर हल्के बादल भी छा सकते हैं।
डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों को सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द गेहूं की बिजाई पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि सरसों की फसल में यदि किसी प्रकार की बीमारी दिखाई दे तो किसान नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करें और उचित उपचार प्राप्त करें।

