Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ये तो हैवी ड्राइवर निकली! नींबू के ऊपर से गुजारनी थी थार… शोरूम के फर्स्ट फ्लोर से गाड़ी समेत नीचे आ गिरी महिला

ईस्ट दिल्ली के प्रीत विहार इलाके के विकास मार्ग पर एक बिल्डिंग की पहली मंजिल पर बने शोरूम में गाड़ी पर सवार महिला और कर्मचारी सड़क पर आ गिरे। इससे गाड़ी पलट गई, लेकिन एयरबैग खुलने से दोनों बच गए। एहतियात के तौर पर दोनों को करीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ देर बाद छुट्टी दे गई। हादसा सोमवार शाम का है। पुलिस अफसरों का कहना है कि किसी पक्ष से कोई कंप्लेंट नहीं मिली है। राहगीरों ने इसका विडियो बनाया। यह विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, विकास मार्ग पर निर्माण विहार में महिंद्रा का शोरूम है। इंदिरापुरम के प्रदीप और उनकी पत्नी ने सोमवार शाम को गाड़ी खरीदी। शोरूम कर्मचारियों ने औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार की चाबी दंपती को सौंप दी। दोनों ने शोरूम में ही गाड़ी की पूजा-अर्चना की। पूजा की रस्म पूरी करने के लिए कार का पहिया नींबू के ऊपर से गुजारना था।

महिला ड्राइविंग सीट पर थीं और शोरूम का कर्मचारी विकास बगल की सीट पर बैठ गया। वह महिला को कार के फीचर की जानकारी देने लगा। महिला ने कार स्टार्ट की और एक्सिलरेटर दबा दिया। इसके बाद कार पहली मंजिल का शीशा तोड़ती हुई सड़क पर आ गिरी। गनीमत रही कि इस समय रोड पर कोई नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा टल गया। गाड़ी उलटी हो गई। इससे महिला और विकास भीतर फंस गए, लेकिन एयरबैग खुलने से दोनों को गंभीर चोट नहीं लगी। अचानक हुए इस हादसे से हड़कंप मच गया। शोरूम के कर्मचारी तुरंत नीचे उतरे और दोनों को बमुश्किल गाड़ी के भीतर से सुरक्षित निकाला। शोरूम की तरफ से बुरी तरह क्षतिग्रस्त गाड़ी को सड़क से हटाया दिया गया है।

Exit mobile version