आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राजस्थान के भरतपुर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) की कथित रूप से उनकी पत्नी रूबी ने हत्या कर दी और शव को घर के बाथरूम की फर्श के नीचे गाड़कर ऊपर टाइल्स लगवा दीं। आरोपी महिला करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही और परिवार सहित पुलिस को गुमराह करती रही।पुलिस जांच में सामने आया कि 17 मई की रात रूबी ने अपने पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। पति की मौत होने के बाद उसने शव को बाथरूम में दबा दिया और बाद में उस स्थान पर प्लास्टर व टाइल्स लगवा दीं।मृतक के भाई अनिल शर्मा द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी। आखिरकार 3 जुलाई को आरोपी महिला ने अपने जेठ के सामने घटना से जुड़ी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम की खुदाई करवाई। खुदाई के दौरान फर्श के नीचे से सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव पूरी तरह से गल चुका था, इसलिए कंकाल की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
नहाती रही ऊपर, नीचे दबा था पति का शव! 45 दिन बाद खुला खौफनाक राज

