Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शशांक हत्याकांड: मालगोदाम रोड पर हुई कहासुनी के चलते लिया बदला, चार दोस्तों ने डुबोकर कर दी हत्या

रोहतक (Rohtak): आंबेडकर कॉलोनी से शशांक की हत्या मामूली कहासुनी के चलते बदला लेने की भावना से की गई है। शशांक को उसके चार दोस्त घर से बुलाकर ले गए और सुनारिया के पास जेएलएन नहर में डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया था। आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

इंदिरा कॉलोनी चौकी प्रभारी सुभाष ने बताया कि आंबेडकर कॉलोनी निवासी एवं निगम की अकाउंट ब्रांच में कार्यरत राकेश ने दी शिकायत में बताया कि रविवार को उसका 18 वर्षीय बेटा शशांक घर पर था। उसे पड़ोस का युवक सुमित अपने साथियों के साथ घर से बुलाकर ले गया। उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे सिंचाई विभाग से फोन आया कि आपकी स्कूटी बालंद गांव के पास नहर में मिली है। उसे अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस ने सुमित व अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने चार युवकों सुमित, रोहित, अमर व शिवम को गिरफ्तार किया। जांच अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया किया कि वे सभी मालगोदाम रोड पर एक कपड़े की दुकान पर काम करते थे। शशांक खुद को ज्यादा होशियार दिखाता था। इस बात को लेकर कहासुनी भी हो गई थी। ऐसे में उसे सबक सिखाने का निर्णय लिया। योजना के तहत वे उसे घर से बुलाकर ले गए और सुनारिया के पास नहर में डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद स्कूटी को बालंद गांव के नजदीक नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में स्कूटी को पहले ही बरामद कर लिया था। अब एक बाइक भी बरामद की है।

हत्या के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि कहासुनी का बदला लेने के लिए शशांक को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। नहर के पास उसकी डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सुमित, शिवम, रोहित व अमर को दो दिन के रिमांड पर लिया था। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। केस में अपहरण व हत्या के अलावा एससी-एसटी एक्ट भी जोड़ा है।

– गोरखपाल राणा, डीएसपी, मुख्यालय

Exit mobile version