Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शर्मनाक- जिसने पैदा होते ही फेंक दी नवजात;उसी लड़की का निकाह कराने जा रही थी पुलिस; समाजसेवी ने किया भांडाफोड़

पानीपत के शिव नगर में 17 जनवरी की सुबह मिले नवजात बच्ची के मामले में पुलिस की लापरवाही, मिलीभगत और ढीला रवैया सामने आ रहा है। जिस नवजात बच्ची को फेंकने के आरोपी मां-बाप को ढूंढने का काम पुलिस को करना चाहिए था, उसे एक समाजसेवी सविता आर्या ने तलाशा था। इसके बावजूद भी सविता आर्या ने इसका श्रेय पुलिस को दिया था, लेकिन पुलिस इस श्रेय को स्वीकार तो करने से रही, ब्लकि इस केस में लगातार पुलिसगिरी जमा रही है।

समाजसेवी सविता आर्या

अब पुलिस इस मामले में बहुत ही बड़ा घालमेल करने चली थी, मगर पुलिस के इन मंसूबों को एक बार फिर सविता आर्या ने फेल कर दिया। पानीपत के सिविल अस्पताल में नवजात बच्ची को फेंकने वाली अविवाहित मां को पुलिस ने अनफिट बताकर भर्ती किया। मंगलवार को उसे अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है। इसके बाद पुलिस इस लड़की को ले जाकर आरोपी लड़के के साथ निकाह करा कर केस को रफा-दफा करने की तैयारी में थी। पुलिस पर आरोप है कि वे निकाह करवाने के बाद लड़की को लड़का पक्ष के साथ यूपी के मेरठ स्थित उसके होने वाली ससुराल में भेज देते, मगर पुलिस की जमी-जमाई फिल्डिंग धरी रह गई।

सिविल अस्पताल से लड़की को छुट्‌टी दिलाकर अपने साथ ले जाती पुलिस।

समाजसेवी सविता आर्या ने बताया कि उन्हें 25 जनवरी को पता लग गया था कि पुलिस इस मामले को रफा-दफा करना चाह रही है। पुलिस आरोपी लड़का और लड़की के निकाह करवाने की तैयारी में है। सविता ने कहा कि उन्होंने उसी दिन से ही सिविल अस्पताल में अपना वेश बदल कर अधिकत्तर समय लगाया। उन्होंने जिस वार्ड में लड़की भर्ती थी, वहां कभी किसी वेश में तो कभी किसी वेश में चक्कर लगाए। इस पूरे मामले पर अपनी पैनी नजर रखी।

आरोपी लड़की के पिता से मामले की जानकारी लेती समाजसेवी सविता आर्या

इसी बीच वह मंगलवार सुबह इस मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करवाने के लिए एसपी कार्यालय में एक लिखित शिकायत देकर आई। इसके बाद सिविल अस्पताल पहुंची। जहां पहुंच कर पता लगा कि लड़की को छुट्‌टी मिल गई है और पुलिस उसे ले जाकर निकाह करवाएगी। उन्होंने लड़की से बातचीत की तो उसने भी इस बात का कबुलनामा किया कि उसे छुट्‌टी मिल गई है और पुलिस उसका निकाह करवाएगी। लड़का पक्ष यूपी से पानीपत आ रहा है।

इसके बाद लड़की के पिता के फोन से लड़के के पिता को फोन करवाया कि आप कहां तक पहुंचे हो। इस बातचीत की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग हो गई है। जिसमें लड़का पक्ष से खुद सविता आर्या ने ही बात की। लड़के के पिता ने बातचीत में कहा कि वे पानीपत से 70 किलोमीटर दूर हैं। एक घंटे तक पानीपत पहुंच जाएंगे। चौकी इंचार्ज से बात हो चुकी है। इंचार्ज ने हर तरह व्यवस्था पूरी होने के बारे में बताया है।

इंचार्ज ने लड़का पक्ष को आश्वत किया कि पुलिस की मौजूदगी में ही निकाह होगा। निकाह के लिए काजी लड़की पक्ष ने तैयार किया हुआ है। निकाह के बाद एसडीएम कोर्ट में जाकर शादी रजिस्टर्ड कर नवजात बच्ची को लेने के लिए सीडब्ल्यूसी को पत्र लिखा जाएगा। इसके बाद मुकदमा कैंसिल हो जाएगा और आरोपी भी बच जाएंगे।

इस मामले में एसपी सुशांत कुमार सावन का कहना है कि मामला उनकी जानकारी में नहीं था। जैसे ही उन्हें पता लगा उन्होंने तत्काल प्रभाव से सिविल अस्पताल में पुलिस को भेजा। साथ ही गुप्तचर विभाग से इस पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। किसी भी तरह का गलत न ही किया जाएगा और न बर्दाश्त होगा।

Exit mobile version