नारनौल में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां शराब के नशे में धुत्त एक व्यक्ति ने बस को रुकवाने के लिए अपने तीन साल के मासूम बच्चे को उसके सामने फैंक दिया। जबकि बस ड्राइवर व आसपास के दुकानदारों की सूझबूझ से बच्चे को बचा लिया गया है।
बता दें कि नारनौल बस स्टेंड से शाम साढ़े 6 बजे रोडवेज की बस झुंझुनू के लिए रवाना हुई। बस स्टेंड के गेट से निकलकर बस जैसे ही कुछ आगे पहुंची, एक शख्स ने बच्चे को बस के सामने सड़क पर फेंक दिया। इस घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बच्चे और उसके पिता सुरेंद्र को चौकी ले गई।
बताया जा रहा है कि बच्चे का पिता सुरेंद्र नशे का आदी है। उसकी पत्नी कुछ दिन पहले ही उसे छोड़कर चली गई। घटना के बाद पुलिस ने गोद बलाहा गांव के समाजसेवी विनोद कुमार को बुलाकर बच्चा उसे सौंप दिया। विनोद ने बताया कि वह बच्चे को उसकी दादी को दे देगा।

