Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शाहरुख का बेटा आर्यन 7 अक्टूबर तक रिमांड पर और साथ पकड़ी गई मुनमुन जो पार्टियों में जाने की शौकीन; NCB ने जोगेश्वरी से पेडलर को पकड़ा, मामले में 10वीं गिरफ्तारी

ड्रग्स मामले में गिरफ्तार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को 7 अक्टूबर तक NCB की कस्टडी में रहना होगा। सोमवार को मुंबई की किला कोर्ट में सुनवाई के दौरान NCB ने 11 अक्टूबर तक रिमांड मांगी थी। हालांकि कोर्ट ने आर्यन और उसके साथ गिरफ्तार अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमीजा को 7 अक्टूबर तक का ही रिमांड मंजूर किया। अन्य 5 आरोपियों विक्रांत छोकर, इश्मीत सिंह, नुपुर सारिका, गोमित चोपड़ा और मोहक जसवाल को भी 7 अक्टूबर तक NCB की रिमांड पर भेज दिया है।

सुनवाई के दौरान NCB ने आरोपियों से बरामद ड्रग्स की जानकारी दी। पार्टी ऑर्गनाइजर्स और पैडलर्स का भी जिक्र हुआ। सवाल उठा कि क्रूज पर तो 1300 लोग थे, फिर चंद लोगों पर ही कार्रवाई क्यों हो रही है? इस पर आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा- खान (आर्यन) वहां ड्रग्स बेचने के लिए नहीं गए थे, अगर वो चाहते तो पूरा शिप भी खरीद सकते थे। अगर जांच ही करनी है तो शिप पर एक हजार लोग थे, उनकी भी जांच कीजिए।

मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में NCB ने 10वीं गिरफ्तारी की है। NCB ने जोगेश्वरी से सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 5 लाख की MD बरामद की गई है। आज ही एक अन्य 9वें आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। NCB दोनों पेडलर्स को कल कोर्ट में पेश कर सकती है। इसके साथ ही आज क्रूज से जिन लोगों को डिटेन किया गया है उन्हें भी मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

सोमवार को सुनवाई के बाद किला कोर्ट ने आदेश में कहा- NDPS एक्ट के तहत तमाम अपराध गैर-जमानती हैं। इसलिए जमानत देने या न देने का तो सवाल ही नहीं उठता। जरूरी बात यह है कि आरोपियों को कस्टडी में भेजा जाए या नहीं। आरोपियों के सहयोगियों के बयान विरोधाभासी हैं। आरोपी भी उनके साथ थे। इस मामले में जांच बेहद जरूरी है। आरोपियों को खुद को बेकसूर साबित करना होगा। इस आदेश के साथ ही कोर्ट ने आरोपियों को 7 अक्टूबर तक NCB की कस्टडी में रिमांड पर सौंप दिया।

इससे पहले NCB ने बताया कि आर्यन के फोन से आपत्तिजनक कंटेंट बरामद हुआ है। उनके चैट से पता चला है कि वे ड्रग्स खरीदने-बेचने की प्लानिंग कर रहे थे। साथ ही इंटरनेशनल ड्रग तस्करी के भी सबूत मिले हैं। इससे पहले NCB अधिकारी आर्यन के साथ गिरफ्तार हुए अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमीजा को जेजे अस्पताल ले गए थे, जहां उनका RT-PCR टेस्ट कराया गया।

मुनमुन पर आरोप है कि वे भी आर्यन के साथ ड्रग्स पार्टी में शामिल थीं और उनके पास से NCB को 5 ग्राम चरस बरामद हुई है। मुनमुन एक मॉडल हैं और अक्सर पार्टियों में दिखती हैं। कई जगह वे गुरु रंधावा, सुयश राय और अर्जुन रामपाल जैसी हस्तियों के साथ दिखी हैं।

मुनमुन मूल रूप से मध्यप्रदेश के सागर की रहने वाली हैं। उनकी स्कूलिंग भी सागर में हुई और हायर एजुकेशन के लिए वे भोपाल शिफ्ट हो गईं। हालांकि, अब सागर में उनके परिवार का कोई सदस्य नहीं रहता है। मुनमुन के पिता का कई साल पहले और उनकी मां का पिछले साल निधन हो गया था। साल 2014 से वे अपने भाई के साथ दिल्ली में रहती हैं। वे एक प्राइवेट कंपनी में बड़ी पोस्ट पर काम करते हैं।

मुनमुन के करीबियों के मुताबिक, करीब 6 साल पहले वह भाई प्रिंस के साथ दिल्ली चली गई थीं। मुनमुन एक मॉडल हैं और सोशल मीडिया में काफी एक्टिव रहती हैं। उन्होंने कुछ विज्ञापनों के लिए भी काम किया है। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल को देख ऐसा लगता है कि उन्हें पार्टीज का बहुत शौक है। धमीचा ने कूल अंदाज में पार्टी करते हुए कई तस्वीरें शेयर की हैं। मुनमुन के बारे में कहा जा रहा है कि बॉलीवुड में उनके कई अच्छे फ्रेंड्स हैं।

Exit mobile version