रोहतक में शनिवार दोपहर को मौसम बदला और झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। यहां तक कि रोहतक पीजीआई भी इससे अछूता नहीं रहा। यहां सीवर ओवरफ्लो हो गया, जिससे मरीजों को दिक्कत हुई|
रोहतक की पीजीआई जिले ही नहीं प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी अलग पहचान बनाती है। लेकिन रोहतक में बरसात होते ही पीजीआई भी जलमग्न होने लगती है।
शनिवार को आई बरसात का असर यह हुआ कि ओपीडी का सीवर ओवरफ्लो हो गया। जिसके कारण सीवर का पानी ओपीडी के फर्श पर फैल गया। वहीं उपचार के लिए आए मरीजों व उनके परिवार वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। पिछले दिनों हुई बरसात में भी पीजीआई जलमग्न हो गई थी।
प्रशासन के दावे हुए फैल
रोहतक में पिछले दिनों हुई अच्छी बारिश के कारण शहर जलमग्न हो गया था। दो-तीन दिन तक शहर का पानी नहीं निकल पाया। ऐसे में प्रशासन का दावा था कि उम्मीद से अधिक बारिश होने के कारण यह स्थिति हुई है, लेकिन शनिवार को आई बरसात से भी ऐसे ही हालात पैदा हो गए। एक तरफ जहां बरसात के कारण मौसम सुहाना हो गया। जिस कारण लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। वहीं दूसरी तरफ शहर में हुए जलभराव ने लोगों की समस्या बढ़ा दी।

