Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के कई जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट: सिरसा में पारा 46 डिग्री पार, बाजारों में पसरा सन्नाटा; किसानों को सावधानी बरतने की सलाह

हरियाणा में गर्मी लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक बना हुआ है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिसके चलते वहां भीषण गर्मी और लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। इससे प्रदेश में दिन के समय लोगों का हाल बेहाल रहा तथा बाजार सुनसान नजर आए।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। रोहतक में 45.3 डिग्री, भिवानी और बोपानिया (फरीदाबाद) में 44 डिग्री, नूंह में 43.5 डिग्री तथा नारनौल में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिसार, करनाल, गुरुग्राम, सोनीपत और जींद समेत कई जिलों में भी तेज गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया।

मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिला।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मौसम विभाग ने लोगों को जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढकने की भी सलाह दी गई है।

गर्मी का असर खेती पर भी दिखाई देने लगा है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि फसलों को गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए सिंचाई सुबह जल्दी या शाम के समय करें। इससे फसलों में नमी बनी रहेगी और तापमान का असर कम होगा।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Exit mobile version