Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शहीद मदन लाल धींगड़ा स्थल से निकली सेवा ज्योति यात्रा, PM मोदी के संबोधन को सुनने उमड़े कार्यकर्ता व नागरिक

रोहतक, 7 अक्टूबर। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा पूरी करते हुए देश और समाज के प्रति समर्पण की मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का संकल्प लेने के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 13 वर्षों तक गुजरात की सेवा की और पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री के रूप में 140 करोड़ देशवासियों की सेवा कर रहे हैं।
मनीष कुमार ग्रोवर आज रोहतक में विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद कर हे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मूल मंत्र सेवा है और उनका संकल्प भारत को विकसित राष्ट्र बनाने, युवाओं को आगे बढ़ाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा देश के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रोहतक में भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बताया कि कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा शहीद मदन लाल धींगड़ा स्थल से रवाना हुई। यह यात्रा सर्कुलर रोड, अशोका मोड़ और मानसरोवर पार्क होते हुए सुभाष चंद्र बोस स्थल तक पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि सेवा ज्योति को निर्धारित स्थल पर स्थापित किया जाएगा तथा इसके बाद स्थायी सेवा संकल्प ज्योति की स्थापना के लिए आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के सामने सेवा को जीवन का मूल मंत्र बनाकर कार्य करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम पूरी तरह सेवा संकल्प और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, भाजपा युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, पार्षद सुरेश किराड, पूर्व विधायक सरिता नारायण, अनीता बुधवार व कुलविंदर सिक्का सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version