रोहतक में जींद रोड स्थित बाबा बालकनाथ के डेरे के तालाब किनारे एक भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं आरोपियों की अभी तक कोई जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। पुलिस जांच में जुट गई है।
रोहतक के जींद रोड पर बाबा बालकनाथ के डेरे के तालाब किनारे दोपहर को स्थानीय लोगों को एक भ्रूण पड़ा दिखा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। आसपास ही रहने वाले कुछ लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे भ्रूण को सुबह ही यहां डाला गया हो। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है। भ्रूण गर्भ की चार माह की बालिका का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अभी लिंग व उम्र की पुष्टि नहीं कर रही है।
मामले में गऊकर्ण पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई पवनवीर ने बताया कि भ्रूण मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर भ्रूण को कब्जे में लिया गया है। इसकी डॉक्टरी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। इसे कौन यहां फेंक कर गया है, अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुट गई है।

