रोहतक: शहर के झज्जर रोड स्थित सैनी धर्मशाला के पास वाली गली में शुक्रवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान करीब 26-27 वर्षीय पंकज, पुत्र महावीर प्रसाद, निवासी राहड़ रोड, रोहतक के रूप में हुई है। पंकज पेशे से फ्लेक्स बोर्ड तैयार करने का काम करता था।
स्थानीय राहगीरों ने युवक को गली में अचेत अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना आसपास के लोगों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
रोहतक में झज्जर रोड की गली में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

