Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पति को क्रीम लाने को भेज- बस स्टैंड से हुई फरार विवाहिता; 2014 में हुई थी शादी

कुरुक्षेत्र में पेहोवा बस स्टैंड से एक विवाहिता महिला अपने पति को बेवकूफ बना फरार हो गई| बताया जा रहा है कि पंजाब के पटियाला जिले के देवीगढ़ गांव का रहने वाला युवक अपनी 26 साल पत्नी को मायके से लेकर वापस गांव लौट रहा था, इस दौरान पेहोवा बस स्टैंड पर युवक की पत्नी क्रीम लाने की जिद पर अड़ गई, इस बीच जब युवक क्रीम लेकर वापस लौटा तो उसकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थी|

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी करनाल के गांव सीतामाई निवासी युवती के साथ वर्ष 2014 में शादी हुई थी। उनका 4 वर्षीय बच्चा है। आरोप है कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक के साथ अफेयर चल रहा है। कई बार उसने अपनी पत्नी को समझाया, लेकिन उसकी पत्नी और उसके घर वालों ने उस पर ही उल्टे गंभीर आरोप लगा दिए। इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष ने उसके खिलाफ करनाल पुलिस को शिकायत भी दी।विवाद बढ़ने के बाद उसकी पत्नी पिछले 3 माह से मायके में थी। मंगलवार को दोनों पक्षों की गांव सीतामाई में पंचायत हुई थी। यहां दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद ससुराल वालों ने उसकी पत्नी को उसके साथ भेजने की बात कही थी।

युवक ने बताया कि वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे करनाल से पेहोवा बस स्टैंड पहुंचे। यहां वे पटियाला जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच उसकी पत्नी ने मुंह पर लगाने के लिए क्रीम लाने की जिद की। वह क्रीम लेने पास की दुकान पर गया। वापस लौटा तो पत्नी गायब मिली। साथ में वह बच्चे को भी ले गई। पेहाेवा पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का पर्चा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version