
सोनीपत। 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाली पुरुष और महिला हॉकी टीमों के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए सोनीपत में 22 और 23 नवंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। पुरुष खिलाड़ियों का ट्रायल 22 नवंबर और महिला खिलाड़ियों का ट्रायल 23 नवंबर को होगा।
दोनों वर्गों में 18-18 मुख्य खिलाड़ियों के साथ 4-4 अतिरिक्त खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। ट्रायल सेक्टर-4 स्थित हॉकी एस्ट्रो टर्फ खेल परिसर में आयोजित होंगे।
11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में होंगे खेल
सोनीपत की DC नेहा सिंह ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर 2026 तक तेलंगाना में किया जाएगा।
प्रतियोगिता हैदराबाद, खम्मम, हनमकोंडा, करीमनगर, निजामाबाद और महबूबनगर में आयोजित होगी। इसमें कुल 27 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी।
पुरुष और महिला खिलाड़ियों के ट्रायल की तारीख
- पुरुष हॉकी टीम: 22 नवंबर 2026
- महिला हॉकी टीम: 23 नवंबर 2026
- स्थान: हॉकी एस्ट्रो टर्फ खेल परिसर, सेक्टर-4, सोनीपत
- चयन: प्रत्येक वर्ग में 18 मुख्य और 4 अतिरिक्त खिलाड़ी
ट्रायल के लिए ये दस्तावेज लाना जरूरी
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि चयन ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।
ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर हरियाणा की पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों का चयन किया जाएगा।
सुभाष स्टेडियम से ले सकते हैं जानकारी
जिला खेल अधिकारी ने पात्र और इच्छुक हॉकी खिलाड़ियों से चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी गोहाना रोड स्थित सुभाष स्टेडियम में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क कर सकते हैं।
