Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

देखे किस तरह से एक रोटी ज्यादा खाने पर बहू ने की सास की पिटाई; आरोपी बहू, उसका भाई और मां गिरफ्तार -वीडियो हुआ वायरल

सोनीपत के गांव सांदल खुर्द में 75 वर्षीय सास की पिटाई करने के मामले में थाना बड़ी पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू और उसके भाई व मां को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बुजुर्ग के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। गांव सांदल खुर्द निवासी ईश्वंती (75) ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्रवधू मनीषा ने उसका जीना दूभर कर दिया है। वह सुबह-शाम उसे दो-दो रोटी देती है। उसने पांच दिन पहले बहू की दी हुई दो रोटी खा ली थी। इसके बाद पोता एक रोटी और ले आया। उसकी जिद के चलते उसने रोटी खा ली। बहू को पता चला तो वह झगड़ने लगी और उसकी पिटाई कर दी। जिसका वीडियो उसके बेटे ने अपने फोन से बना लिया था।

वृद्धा ईशवंती ने पुत्र वधू मनीषा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि मनीषा अलमारी का ताला तोड़कर सामान भी निकाल लेती है। मौका मिलते ही मारपीट करती है और जान से मारने की धमकी देती है। मनीषा कई बार उसे नींद की गोली या नशीली दवा खिला चुकी है। उसे व उसके बेटे मुकेश को मारने की कोशिश करती है। उसके पास इन सब सुबूतों के वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी हैं।

शिकायत में पीड़िता ने यह भी कहा कि यदि उसके व उसके बेटे मुकेश के साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके जिम्मेदार बहू मनीषा, गोहाना के गांव मुंडलाना निवासी मनीषा की मां शीला, मनीषा का भाई हरकेस व शीला का पड़ोसी होंगे। शिकायत पर थाना बड़ी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में थाना प्रभारी देवेंद्र व राजलू गढ़ी चौकी प्रभारी मनोज जाखड़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीषा, उसकी मां व उसके भाई हरकेस को गिरफ्तार कर लिया है।

वृद्धा ईशवंती के तीनों गुनहगार भाई हरकेश, मां शीला और मनीषा।

पीड़िता का आरोप है कि उसे व उसके बेटे मुकेश को मनीषा अपने मायके वालों के साथ मिलकर काफी दिनों से प्रताड़ित कर रही थी। मनीषा की प्रताड़ना से तंग आकर ईश्वंती शनिवार को वीडियो लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश हुई और आपबीती सुनाई। जिसके बाद थाना बड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया।

राजलू गढ़ी चौकी प्रभारी मनोज जाखड़ ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मनीषा ने बताया कि उनके घर में कई दिनों से घरेलू कलह चल रही थी। 24 मार्च को उसकी सास ईश्वंती ने उसका फोन छीन लिया था। जिस वजह से सास के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के बीच उसकी व उसकी सास के साथ हाथापाई हो गई थी।

बुजुर्ग की शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामला दर्ज करने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्रवधू, उसके भाई व मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, औद्योगिक क्षेत्र बड़ी।

Exit mobile version