Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGI के सुरक्षा कर्मचारी भड़के:सुरक्षा रामभरोसे, बिगड़ रही व्यवस्था, VC हाउस का घेराव, वर्दी बदलने व ड्यूटी टाइम बढ़ाने का विरोध

रोहतक PGI के सुरक्षा कर्मियों ने शनिवार को हड़ताल करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिसके कारण पीजीआई के सुरक्षा भी रामभरोसे चल रही है। साथ ही व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने इकट्‌ठे होकर VC के आवास का घेराव किया। विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। गार्डों का कहना है कि प्रशासन द्वारा उनका शोषण किया जा रहा है, जिसके कारण वे यह कदम उठाने को मजबूर हैं।

गार्डों ने कहा कि उनसे निर्धारित समय से अधिक समय तक ड्यूटी करवाई जा रही है। ड्यूटी से करीब एक घंटा पहले गार्डों को बुला लिया जाता है और काफी समय बाद छुट्‌टी दी जाती है, जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गार्डों की वर्दी को भी बदला जा रहा है, जिसका सभी सुरक्षा कर्मी विरोध कर रहे हैं।

सुरक्षा गार्ड प्रवीन बौध ने कहा कि पीजीआइ प्रशासन द्वारा सुरक्षा कर्मियों का शोषण किया जा रहा है। ऊपर से अब ड्रेस में भी बदलाव किया जा रहा है। जिसका सीधा नुकसान गार्डों को होगा। पीजीआई में आने वाले लोगों को संभाने के जिम्मेदारी होती है, लेकिन कई बार झगड़े की स्थिति भी बन जाती है। ऐसे में उनकी खाकी वर्दी का यह प्रभाव रहता है कि लोग कम झगड़ा करते हैं। लेकिन वर्दी बदलने के बाद गार्डों के साथ झगड़े बढ़ जाएंगे।

सुरक्षा कर्मी अनिल कुमार ने कहा कि पहले वे निर्धारित समय से 15 मिनट पहले आते थे और अपनी हाजिरी लगवाने के बाद ड्यूटी पर जाते थे। लेकिन अब फरमान जारी कर दिया कि समय से करीब एक घंटा या 50 मिनट पहले आना होगा। वहीं ड्यूटी खत्म होने के काफी समय बाद ही उन्हें छुट्‌टी मिलती है। जिसके कारण उनको करीब डेढ़ घंटा अतिरिक्त ड्यूटी करनी पड़ रही है।

Exit mobile version