रोहतक, 29 जून। महम से विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस प्रशासन ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पहले से तैनात 5 पुलिस जवानों के अलावा अब 4 कमांडो और विधायक की सुरक्षा में लगाए गए हैं। गौरतलब है कि 20 जून को महम स्थित विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विधायक को सुरक्षा प्रदान की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 21 जून को मुठभेड़ के बाद लाखनमाजरा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद गांव खैरेंटी के रहने वाले दूसरे आरोपी को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं वारदात से पहले रेकी करने वाले एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने काबू कर लिया है।

विधायक बलराम दांगी ने बताया कि उन्हें विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की ओर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले उनके कार्यालय पर फायरिंग की गई और अब लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। इस संबंध में उन्होंने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी अवगत कराया है।दांगी ने कहा कि जब एक विधायक ही खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने सरकार से गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कानून और कठोर कार्रवाई की मांग की। फायरिंग की घटना के बाद विधायक बलराम दांगी 11 अन्य विधायकों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मिले थे। इस दौरान प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया था। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए DGP को आवश्यक निर्देश दिए थे, जिसके बाद विधायक की सुरक्षा और बढ़ा दी गई।विधायक ने कहा कि प्रदेश में गैंगस्टरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन लोगों को धमकियां दी जा रही हैं और कई मामलों में हत्या जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है, इसलिए सरकार को गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विधायक की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!