Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर धारा 144 लागू:1476 केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकल रोकेंगे 302 उड़न दस्ते

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा 27 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के सुचारु ढंग, निष्पक्ष व नकल रहित करवाने के उद्देश्य से राज्यभर में विशेष प्रबंध किए गए हैं। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने जिला उपायुक्तों को प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के निकट भीड़भाड़ को रोकने और नकल पर अंकुश लगाने के लिए सभी केंद्रों के आसपास दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा-144 लागू करने के निर्देश दिए। परीक्षा 27 फरवरी से 28 मार्च तक प्रदेशभर में 1476 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

मुख्य सचिव कौशल ने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा स्कूलों की चारदीवारी और क्लास रूम की खिड़कियों की मरम्मत का कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले पर्याप्त पुलिस व्यवस्था तैनात की जाए। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सुदारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों के अंदर मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित होगा।

कौशल ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले उम्मीदवारों का प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकल और अन्य अनियमितताओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए करीब 302 उड़न दस्ते नियुक्त किए गए हैं। बोर्ड मुख्यालय, भिवानी में कंट्रोल रूम तथा जिला स्तर पर 6 कंट्रोल रूम होंगे स्थापित होंगे।

Exit mobile version