हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को थानेसर नगर परिषद की हाउस मीटिंग में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा और भाजपा पार्षद प्रतिनिधि के बीच हाथापाई हो गई। मीटिंग में बाहरी व्यक्ति, पार्षद प्रतिनिधि और मीडिया की एंट्री बैन थी। जैसे ही मीटिंग शुरू हुई तो कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने भाजपा पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा निंदी के मीटिंग में बैठने का विरोध जताया।
इसे लेकर नरेंद्र शर्मा और अशोक अरोड़ा में कहासुनी हो गई। शर्मा ने कहा कि पहले हुई मीटिंगों में पार्षद प्रतिनिधि बैठते रहे हैं, इसलिए मैं बाहर नहीं जाऊंगा। इस पर अरोड़ा और शर्मा में तू तड़ाक हो गई। दोनों अपनी-अपनी कुर्सियों से खड़े होकर दौड़े और हाथापाई शुरू हो गई। शोर सुनकर विधायक के गनमैन अंदर आए और अरोड़ा को छुड़ाया।
हंगामे की सूचना के बाद थाना कृष्णा गेट और सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। विधायक अशोक अरोड़ा ने घटना की शिकायत DC और SP से की है।
नगर परिषद के EO राजेश कुमार ने कहा कि हंगामे की वजह से नगर परिषद की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। जब भी मीटिंग होगी, इसकी सूचना दे देंगे। पार्षद प्रतिनिधि के मीटिंग में होने के सवाल पर राजेश कुमार ने कहा कि जब मीटिंग शुरू नहीं हुई थी। अगर मीटिंग शुरू होती तो उन्हें बाहर जाने को कहा जाता, लेकिन इससे पहले ही ये हंगामा हो गया।
