हरियाणा के पंचकूला में बुधवार को स्कूली बच्चों से भरी वैन पलट गई। 8 छात्रों को चोट आई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 4 छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा सेक्टर-25 में पुलिस चौकी के पास हुआ।
सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं। घायल छात्रों के पेरेंट्स और स्कूल स्टाफ को हादसे की सूचना दी गई है।
जिस स्कूल वैन का एक्सीडेंट हुआ, वह भाजपा मेयर कुलभूषण गोयल के भवन विद्यालय की है। बुधवार दोपहर को रोजाना की तरह वैन छात्रों को छोड़ने के लिए जा रही थी। सेक्टर-25 के पास वैन अचानक बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने वैन को कंट्रोल करने की काफी कोशिश की, लेकिन वह आगे डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
इसके बाद वैन में बैठे छोटे बच्चों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल बच्चों को शीशे तोड़कर वैन से बाहर निकाला गया। सभी को तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया।

