Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 11 जिलों में स्कूलों की छुट्‌टी:11 जगह हीट-वेव का रेड अलर्ट; पंजाब के 4 शहरों में चेतावनी

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच 11 जिलों में स्कूलों में छुट्‌टी की घोषणा की गई है। करनाल, कैथल व रेवाड़ी में पांचवीं तक, हिसार, कुरुक्षेत्र, सिरसा, जींद, सोनीपत, नूंह व पानीपत में 8वीं तक व चरखी दादरी में 24 मई तक स्कूल बंद रहेंगे।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को पत्र जारी किया गया है। इसमें सभी जिलों के DC को भीषण गर्मी के कारण स्कूलों की छुट्टी करने की पावर दी गई है।

उधर, हरियाणा के 11 जिलों में 23 मई तक हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व चरखी दादरी शामिल हैं। इनके अलावा, 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत व जींद शामिल हैं।

पंजाब के 4 जिलों में हीट वेव का रेड अलर्ट है। इनमें फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं। बाकी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार शाम बठिंडा का तापमान 46.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बठिंडा में एक ही दिन में 7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो हैरान करने वाली थी। पठानकोट का तापमान 45.5 डिग्री, पटियाला का 45, लुधियाना का 44.2 डिग्री दर्ज किया गया।

Exit mobile version