Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मोबाइल पर मिलेगा रोडवेज बसों का शेड्यूल:विभाग बनवा रहा एप; 5 बस अड्‌डों पर खाने-पीने की चीजें बेचेगा टूरिज्म डिपार्टमेंट

हरियाणा के लोगों को अब मोबाइल पर रोडवेज बसों का शेड्यूल मिला करेगा। इसके लिए हरियाणा परिवहन विभाग एक मोबाइल एप तैयार करा रहा है। प्रदेश के परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा में परिवहन विभाग को आधुनिक रूप से कार्य करने के लिए जल्द ही एक ट्रैकिंग एप बनाया जा रहा है। इस एप को बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है, इस संबंध में उनके द्वारा परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग के एप में कौन सी बस कब आती है और कब जाती है, इस प्रकार की सभी जानकारियां यात्रियों को एप के माध्यम से मुहैया कराई जाएगी।

ये एप आम व्यक्ति के मोबाइल फोन में भी होगी और वह देख सकेगा कि हरियाणा रोडवेज की कौन सी बस आ रही है और जहां पर अमुक व्यक्ति खड़ा है, वहां पर वह अमुक बस कितनी देर में पहुंचेगी।

परिवहन मंत्री ने बताया कि इसके साथ-साथ कई मुख्य कदम भी परिवहन विभाग द्वारा उठाए जा रहे है, जिसके तहत बस स्टैंड पर अच्छा खाने-पीने का सामान मिलें भी शामिल है। उन्होंने बताया कि फिलहाल राज्य के पांच बस अडडों पर खाने-पीने की चीजें हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस संबंध में पायलट प्रोजैक्ट के तौर पर एक प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि यदि यह पायलट परियोजना सफल होती है तो इसे आगे भी विस्तारित किया जाएगा। अन्यथा रेलवे की तर्ज पर कारपोरेशन बनाकर यात्रियों, लोगों को अच्छा खाने-पीने का सामान उपलब्ध करवाने के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘‘एयरपोर्ट को ध्यान में रखते हुए हरियाणा के बस अड्डे को आधुनिक बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की तरह राज्य के प्रत्येक बस अड्डे पर डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा जिसमें बसों के आने-जाने की पूरी जानकारी होगी। उन्होंने कहा कि हम बस अड्डों को भी एयरपोर्ट को ध्यान में रखते हुए कई परिवर्तन व व्यवस्था करने जा रहे हैं।

Exit mobile version