Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लोकसभा चुनाव 2024 का शेड्यूल जारी; 7 फेज में कराये जाएंगे पूरे देश में चुनाव- पहली वोटिंग 19 अप्रैल, आखिरी 1 जून को; नतीजे 4 जून को- हरियाणा में 25 मई को होगी पोलिंग

Lok Sabha Elections Schedule 2024 : लोकसभा चुनावों की आज घोषणा कर दी गई है, जो 7 चरणों में पूरे होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून को खत्म होगा और सभी के नतीजे एक साथ चार जून को आएंगे।

चुनाव आयोग के मुताबिक, 19 अप्रैल को पहले चरण में 102 सीट, 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 89 सीट और 7 मई को तीसरे चरण में 94 सीट पर मतदान होगा। इसी तरह 13 मई को चौथे चरण के चुनाव के लिए 96 सीट पर, 20 मई को पांचवें चरण में 49 सीट, 25 मई को छठे चरण में 57 सीट, जबकि एक जून को सातवें एवं अंतिम चरण में 57 सीट पर मतदान होगा।

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर 25 मई को वोटिंग होगी। काउंटिंग 4 जून को होगी। नामांकन की शुरुआत 29 अप्रैल से होगी। नामांकन का अंतिम दिन 6 मई रहेगा। 9 मई तक नामांकन वापस लिए जाएंगे।

करनाल में पूर्व CM मनोहर लाल खट्‌टर के इस्तीफे के बाद खाली हुई विधानसभा सीट पर 6वें चरण में 25 मई को ही उपचुनाव होगा।

चुनाव आयोग ने 2019 में लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 10 मार्च को की थी, लेकिन इस बार 6 दिन देरी से चुनाव तारीखों का ऐलान किया गया।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी हरियाणा की सभी 10 सीटों पर छठे चरण में 12 मई को एक साथ मतदान हुआ था। 2019 में देशभर में 7 चरणों में मतदान कराया गया था। मतगणना 23 मई को हुई जिसमें प्रदेश की सभी 10 सीटें BJP ने जीती थी। कांग्रेस सभी सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी।

Exit mobile version