Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक डेपो पर SC यूनियन की गुंडागर्दी- GM के स्टेनो, 1 विकलांग कर्मचारी व सरकारी कैमरामैन समेत 4 कर्मचारियों से हाथापाई व अभद्र व्यवहार किया गया।

रोहतक बस स्टैंड पर बुधवार दोपहर को प्रदर्शन कर रहे रोडवेज कर्मचारी आपस में भिड़ गए। SC यूनियन रोडवेज के GM के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थी, उनकी मांग थी कि एससी यूनियन के राज्य प्रधान को वापस बुकिंग ब्रांच में ड्यूटी दी जाए। जीएम को ज्ञापन सौंपने व मांग मनवाने की तैयारी थी, लेकिन जीएम नहीं मिले। कुछ कर्मियों से मारपीट के बाद सांझा मोर्चा के पदाधिकारी भी मारपीट करने वालों के विरोध में उतर आए। मामले को लेकर पीड़ित कर्मियों ने पुलिस को शिकायत दी है।

इधर, एससी यूनियन पर आरोप लगाया कि यूनियन प्लान कर रही थी कि अगर जीएम राज्य प्रधान की ड्यूटी मार्ग से हटाकर बुकिंग ब्रांच में नहीं लगाते हैं तो महाप्रबंधक पर जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया जाएगा। जिसके बाद बैठक में शामिल एक चालक सुनील ने जीएम पर झूठे आरोप लगाने का विरोध किया तो यूनियन के पदाधिकारियों सहित अन्य ने मारपीट की। यहां तक कि रोडवेज जीएम के स्टेनो व दिव्यांग कर्मचारी से भी झगड़ा किया।

पुलिस चौकी में शिकायत देने पहुंचे पीड़ित व अन्य

इसके चलते बस स्टैंड पर काफी समय तक हंगामा चला। हंगामा बढ़ता देख सांझा मोर्चा के पदाधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। दोनों कर्मचारी यूनियनों के बीच टकराव की स्थिति बनती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांति करवाया। सांझा मोर्चा ने एससी यूनियन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पानीपत के गांव समालखा निवासी रोडवेज के चालक सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पानीपत डिपो में चालक के पद पर कार्यरत है। कई दिन पहले 3 अगस्त को रोहतक डिपो में बैठक का संदेश मिला था। बैठक में बताया कि SC यूनियन के राज्य प्रधान को बुकिंग ब्रांच से मार्ग पर लगा दिया है।

यदि जीएम ने उन्हें वापस बुकिंग ब्रांच पर ड्यूटी नहीं लगाता है तो महाप्रबंधक पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का झूठा आरोप लगाया जाएगा। जब इसका विरोध किया तो यूनियन के 7-8 लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

दिव्यांग शिकायत दिखाते हुए

रोहतक की कैलाश कॉलोनी निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे एससी यूनियन के धरना प्रदर्शन की वीडियोग्राफी के लिए रोडवेज GM ने बुलाया था। जब वह बस स्टैंड पर वीडियोग्राफी कर रहा था तो SC यूनियन के पांच-छह लोगों ने उसका कैमरा छीन लिया और कैमरे का डिलीट कर दिया। जिसमें पुराना डाटा भी था। साथ ही 64 GB का डाटा कार्ड भी तोड़ दिया।

हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा की बैठक हरियाणा रोडवेज मीनिस्ट्रीयल यूनियन के राज्य प्रधान व सांझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य जयभगवान कादयान की अध्यक्षता में हुई। जिसमें सांझा मोर्चा के सदस्य दिनेश हुड्‌डा महासचिव इंटक यूनियन व अमित महराणा महासचिव BMS यूनियन ने भी भाग लिया। बैठक में एससी यूनियन द्वारा रोहतक डिपो में महाप्रबंधक के खिलाफ किए गए धरने प्रदर्शन के दौरान GMके स्टैनो कपिल, दिव्यांग कर्मचारी ओमबीर व पानीपत डिपो के चालक सुनील के साथ की गई मारपीट व कैमरामैन का कैमरा छीनने की निंदा की।

पुलिस चौकी में शिकायत देने पहुंचे

उन्होंने कहा कि SC यूनियन का प्रधान एक परिचालक है और उसे जीएम कहीं पर भी ड्यूटी लगा सकते हैं। रोहतक डिपो सांझा मोर्चा ने मांग की कि निदेशक को इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए। बैठक में रोहतक डिपो के सांझा मोर्चा की यूनियन प्रधान हिम्मत राणा, सुमेश कुंडू, जोगेंद्र ढुल, सुरेश नेहरा, जोगेंद्र मलिक, राजेश मायना, नरेश नांदल, राजेश हुड्‌डा व दीपक हुड्‌डा ने भाग लिया।

बस स्टैंड पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने बताया कि झगड़ा करने सहित अन्य मामलों की शिकायतें मिली हैं। जिसकी जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी। हालांकि अभी तक SC यूनियन द्वारा किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है।

Exit mobile version