Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सऊदी अरब के मशहूर ‘स्लीपिंग प्रिंस’ का निधन, 20 साल से कोमा में थे

सऊदी अरब के शाही परिवार के सदस्य और दुनिया भर में ‘स्लीपिंग प्रिंस’ के नाम से प्रसिद्ध प्रिंस अलवलीद बिन खालिद का निधन हो गया है। उनकी उम्र महज 36 साल थी। प्रिंस पिछले 20 वर्षों से कोमा में थे। उनके निधन की खबर परिवार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके दुनिया को दी। आइए जानते हैं कि प्रिंस कोमा में क्यों थे और उनके जीवन से जुड़ी खास बातें।

प्रिंस अलवलीद बिन खालिद का जन्म शाही परिवार में हुआ था। वह सऊदी अरब के वरिष्ठ राजकुमार खालिद बिन तलाल के बेटे और अरबपति प्रिंस अलवलीद बिन तलाल के भतीजे थे। प्रिंस की ज़िंदगी में एक बड़ा हादसा 2005 में हुआ था, जब वे मात्र 15 वर्ष के थे और रॉयल मिलिट्री एकेडमी में पढ़ाई कर रहे थे। एक कार हादसे में उनकी सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद वे कोमा में चले गए।

उनके पिता, प्रिंस खालिद बिन तलाल ने बताया कि प्रिंस के कोमा में जाने के बाद इलाज के लिए अमेरिका और स्पेन से विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाए गए। हालांकि, प्रिंस का दिमाग ठीक नहीं हो पाया। कई बार उनकी उंगलियों और शरीर में हलचल देखी गई, लेकिन उनका होश नहीं आया। पिछले 20 सालों से वे वेंटिलेटर पर थे और रियाद के किंग अब्दुलअजीज मेडिकल हॉस्पिटल में विशेष देखरेख में थे।

डॉक्टरों ने प्रिंस को ‘अचेत मरीज’ घोषित कर दिया था और परिवार से वेंटिलेटर सिस्टम हटाने का आग्रह भी किया था। लेकिन परिवार ने हार नहीं मानी और हमेशा प्रिंस के होश में आने की उम्मीद बनाए रखी। अब प्रिंस के निधन की पुष्टि के बाद परिवार ने इस सच को स्वीकार कर लिया है।

स्लीपिंग प्रिंस की कहानी सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुई थी। लोग उनकी सेहत और कोमा से बाहर आने की खबरों पर नजर बनाए हुए थे। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उनके कोमा से बाहर आने की अफवाहें भी आई थीं, लेकिन अब उनके निधन के बाद उन अफवाहों पर विराम लग गया है। दुनियाभर से लोग उनके निधन पर शोक प्रकट कर रहे हैं। शाही परिवार ने प्रिंस के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रिंस अलवलीद बिन तलाल, जो कि प्रिंस अलवलीद बिन खालिद के चाचा हैं, सऊदी अरब के एक जाने-माने अरबपति, बिजनेसमैन और निवेशक हैं। वे किंगडम होल्डिंग कंपनी के संस्थापक और मुख्य शेयरहोल्डर हैं। उन्होंने अमेरिका, यूरोप और अरब देशों की कई बड़ी कंपनियों में निवेश किया है। एलन मस्क की कंपनी X और एप्पल जैसी टेक कंपनियों में भी उनका निवेश शामिल है। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 तक उनकी संपत्ति लगभग 16.4 अरब डॉलर यानी करीब 1,251 अरब रुपये थी।

यह दुखद खबर सऊदी अरब और पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा झटका है। प्रिंस अलवलीद बिन खालिद का निधन एक लंबी लड़ाई का अंत है, जिसमें उन्होंने 20 साल तक हिम्मत और धैर्य दिखाया।

Exit mobile version