Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सरपंच और अधिकारियों पर लाठी-डंडों से हमला: पंचायती जमीन पर प्लॉट काटने पहुंचे, 3-4 लोग घायल

रोहतक जिले के गांव शिमली में पंचायती प्लॉट के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण करने पहुंची सरपंच और प्रशासनिक अधिकारियों पर कुछ दबंगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान हुए हंगामे में 3-4 लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद सरपंच ने आरोपियों के खिलाफ शिवाजी कॉलोनी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र स्वामी के अनुसार, वर्ष 2009 में ओबीसी और एससी वर्ग के 100 पात्र परिवारों को पंचायती प्लॉट आवंटित किए गए थे, लेकिन आज तक उन्हें कब्जा नहीं मिल सका। उनका कहना है कि पहले जिस स्थान पर प्लॉट निर्धारित किए गए थे, वहां जमीन भराई (भरत) की आवश्यकता थी। लाभार्थियों ने पूर्व सरपंच को लिखित में दिया था कि वे 10 फीट तक भराई कराने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए उन्हें किसी अन्य स्थान पर प्लॉट दिए जाएं।
देवेंद्र स्वामी ने बताया कि इसी मांग को देखते हुए पंचायत ने गांव की दूसरी ओर प्लॉट विकसित करने के लिए जमीन चिन्हित की थी। बुधवार को सरपंच मोनिका, पंचायत विभाग के एससीपीओ अशोक और ग्राम सचिव रीतू उसी जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ दबंग लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया।


देवेंद्र स्वामी का आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने जातिसूचक गालियां भी दीं और साफ कहा कि वे इस जमीन पर पंचायती प्लॉट नहीं बनने देंगे। उनका कहना है कि संबंधित जमीन पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा है और इसी कारण वे प्लॉट आवंटन का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई बार पात्र लाभार्थियों को प्लॉट पर कब्जा दिलाने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार विरोध का सामना करना पड़ा। इस संबंध में वे उपायुक्त सचिव गुप्ता से भी मिले थे। उनके निर्देश पर ही पंचायत विभाग के एससीपीओ और ग्राम सचिव निर्धारित जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया गया।
घटना के बाद गांव शिमली की सरपंच मोनिका ने शिवाजी कॉलोनी थाने में शिकायत देकर अमित, सुनील, सेवकराम, जगवीर, बिमला, निर्मला समेत 10–12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस का कहना है कि सरपंच की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही नामजद और अन्य आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

Exit mobile version