Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

साले की हत्या करने की फिराक में कड़ौदा गांव पहुंचा था संजय…पुलिस से कई राउंड फायरिंग, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

हरियाणा के झज्जर जिले में शुक्रवार देर शाम पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी संजय (26) मारा गया। बिरधाना गांव निवासी संजय अपनी पत्नी समेत तीन हत्या के मामलों में आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार वह कड़ौदा गांव में अपने साले की हत्या करने की नीयत से पहुंचा था, लेकिन सूचना मिलने पर CIA टीम ने उसकी घेराबंदी कर दी।

मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी में सब-इंस्पेक्टर संयम की बाजू में गोली लगी, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी। हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई। गंभीर रूप से घायल संजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री और DCP धारणा यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक हथियार भी बरामद किया है।

DCP बोलीं- साले की हत्या करने आया था

DCP धारणा यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि संजय कड़ौदा गांव में अपने साले की हत्या करने के इरादे से पहुंचा है। इसके बाद CIA टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख संजय ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

14 जून को मारा गया था उसका साथी

संजय का करीबी साथी इंद्रपाल भी पांच दिन पहले पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। 14 जून की रात दुजाना गांव के पास STF और इंद्रपाल के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से फायरिंग हुई थी। इस दौरान STF इंस्पेक्टर राकेश के हाथ में गोली लगी थी, जबकि इंद्रपाल घायल हो गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजय सैनी हत्याकांड में था नामजद

31 मई को दुजाना गांव में विजय सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विजय अपने बेटे सुनील सैनी की हत्या के मामले में गवाह था। खेतों की ओर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। पुलिस जांच में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आई थी। इस मामले में संजय, इंद्रपाल और अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था।

होली की रात पत्नी को मारी थीं 8 गोलियां

संजय पहली बार तब चर्चा में आया था जब उसने 3 मार्च को होली की रात अपनी पत्नी अंजलि की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते संजय ने घर के बाहर अंजलि पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और उसे 8 गोलियां मारी थीं। इस हत्या के बाद उसके खिलाफ एक और हत्या का मामला दर्ज हुआ था।

Exit mobile version