रोहतक, 16 अगस्त 2026। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण रोहतक शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम पार्षद वार्ड नंबर 20 प्रवीण कौशिक ने हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

प्रवीण कौशिक ने अपने पत्र में कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने लगा है, जिसके कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कचरा जमा होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ रही है तथा इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने कहा कि साफ-सफाई केवल शहर की सुंदरता से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि सीधे तौर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जनजीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसलिए वर्तमान स्थिति का जल्द समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। यदि सफाई व्यवस्था लंबे समय तक प्रभावित रही तो शहर में स्वच्छता संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

पार्षद प्रवीण कौशिक ने शहरी निकाय मंत्री से आग्रह किया कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक एवं प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करवाते हुए हड़ताल समाप्त करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था शीघ्र बहाल होने से शहरवासियों को राहत मिलेगी और आम जनजीवन को बीमारियों एवं अन्य परेशानियों से बचाया जा सकेगा।

प्रवीण कौशिक ने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री द्वारा सफाई कर्मचारियों को ‘सफाई योद्धा’ के रूप में सम्मान दिया गया है और मुख्यमंत्री द्वारा ‘स्वच्छ हरियाणा’ का संकल्प लिया गया है। ऐसे में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना और शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि रोहतक शहर के नागरिक स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के हकदार हैं। मौजूदा परिस्थितियों में प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाते हुए सफाई व्यवस्था को सामान्य करवाना चाहिए। साथ ही सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक बातचीत के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए, ताकि कर्मचारियों के हितों और शहरवासियों की सुविधाओं के बीच बेहतर संतुलन कायम हो सके।

प्रवीण कौशिक ने विश्वास जताया कि शहरी निकाय मंत्री इस गंभीर जनहित के मुद्दे को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे और जल्द ही सकारात्मक समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बहाल होने से रोहतकवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!