सिद्धू मूसेवाला की याद में हरियाणा के सिरसा जिले के मंडी डबवाली में संगीत अकादमी बनाई जाएगी। पार्क और म्यूजिक स्कूल भी खोला जाएगा। इस बात की घोषणा जननायक जनता पार्टी ने की। जजपा प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला व अन्य नेताओं ने सिद्धू मूसेवाला के पैतृक गांव मूसा पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
गांव मूसा में जजपा प्रधान महासचिव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिलकर पार्टी की ओर से शोक संवेदनाएं प्रकट की गई हैं। भगवान मूसेवाला की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और परिवार को इस दुख से बाहर आने का साहस दे। दुनियाभर में मूसेवाला के चाहने वाले हैं। हमने एक बड़ा कलाकार खोया है। यह राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 8 जून को सिद्धू मूसेवाला के भोग के बाद परिवार की मांग व उनकी शिकायत पर हरियाणा सरकार मामले में अलग से जांच करेगी, क्योंकि सिद्धू की हत्या में हरियाणा के कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। परिवार ने मांग की है कि भोग के बाद उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अगुवाई में दोबारा केंद्र सरकार से बातचीत की जाए, ताकि मामले की जांच में तेजी लाई जाए। बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में पुलिस को फतेहाबाद, सिरसा और सोनीपत के बदमाशों की संलिप्तता के सबूत मिले हैं।
